घट यात्रा निकाल कर मुम्बई के आरके जैन व मधुबन के दीपक मेपानी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया, 10 माह में पहली बार मधुबन में जुटे सैकड़ों श्रद्धालु
मधुबन-शाश्वत तीर्थ स्थल मधुबन के विमल समाधि मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज के 26वें समाधि महोत्सव पर मंगलवार दूसरे दिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। प्रातःकाल जैन समाज मधुवन की और से प्रभातफेरी निकाली गई जो विमल समाधि मंदिर से निकल कर आसपास के मंदिरों का भ्रमण कर वापस विमल समाधि स्थल पहुंचने पर समाप्त हुई। घट यात्रा निकाल कर ध्वजारोहण कार्यक्रम किया गया। ध्वजारोहण मुम्बई निवासी आरके जैन व मधुवन निवासी दीपक भाई मेपानी ने संयुक्त रूप से किया । उपरांत आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज की प्रतिमा का अभिषेक, पूजन व विधान किया गया। फिर दोपहर को गुणानुवाद व गुरु पूजन किया गया। मंगल आरती, भजन व रात्रि जागरण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भोपाल से आये मनोज कुमार जैन एंड पार्टी संगीत मंडली की ओर से किया गया। बुधवार को अभिषेक पूजा, विधान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देर शाम भजन संध्या कार्यक्रम के साथ समापन होगा।
संकलन अभिषेक जैन लुहाडीया रामगंजमंडी
