दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, करैरा में सनसनी



शिवपुरी। करैरा क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्षेत्र के प्रतिष्ठित अधिवक्ता संजय सक्सेना की अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से नगर में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिवक्ता सक्सेना रोजाना की तरह अपने निवास से न्यायालय के लिए निकले थे। इसी दौरान आनंद सागर आश्रम के पीछे जंगल वाले मार्ग पर पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश की जा रही है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।

दिनदहाड़े और न्यायालय के समीप हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों एवं अभिभाषक संघ में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.