इंजेक्शन लगते ही महिला की मौत: झोलाछाप डॉ. एके राय गिरफ्तार, कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल


पोहरी। पोहरी तहसील के ग्राम मचादेवरी में सर्दी-जुकाम का इलाज कराने आई 27 वर्षीय महिला की इंजेक्शन लगते ही हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी झोलाछाप डॉक्टर एके राय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार मचादेवरी निवासी बंटी जाटव 1 जनवरी 26 गुरुवार दोपहर अपनी पत्नी सीमा जाटव (27) को सर्दी-जुकाम की शिकायत पर पोहरी में चांदसी डॉक्टर के नाम से प्रसिद्ध झोलाछाप एके राय के पास लेकर गया था। परिजनों के मुताबिक बिना किसी जांच के महिला को इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगते ही महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसके मुंह से झाग निकलने लगा।

घबराए आरोपी ने किराए का वाहन बुलवाकर महिला को शिवपुरी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

सोमवार को पुलिस ने एक माह से फरार चल रहे डॉक्टर एके राय को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.