शिवपुरी। जिले में 23 फरवरी 2026 को हुई असामयिक वर्षा एवं ओलावृष्टि के चलते फसलों को संभावित नुकसान को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। किसानों को राहत दिलाने के उद्देश्य से समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को अपने-अपने क्षेत्र में तत्काल सर्वे कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
संयुक्त कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि जारी निर्देशानुसार सभी संबंधित एसडीएम प्रभावित गांवों में फसल क्षति का सर्वे कर नेत्रांकन रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में आज ही कलेक्टर कार्यालय को प्रेषित करना सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यदि सर्वे के उपरांत मुआवजा वितरण की स्थिति निर्मित होती है, तो राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) की धारा 6-4 के अंतर्गत राहत प्रकरण तैयार किए जाएंगे। इसके लिए राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का संयुक्त दल गठित किया जाएगा।
यह संयुक्त दल जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में तीन दिवस के भीतर फसल क्षति का विस्तृत सर्वे पूर्ण करेगा, ताकि पात्र किसानों को समय पर राहत राशि उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे सर्वे दल को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।