पोहरी। नगर का मुख्य चौराहा इन दिनों बदहाल व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बन गया है। हालात इतने खराब हैं कि चौराहे की आधी से ज्यादा सड़क पर हाथ ठेले और सब्जी विक्रेताओं ने कब्जा जमा लिया है, जिससे पूरा क्षेत्र अस्थायी सब्जी मंडी में तब्दील हो चुका है। नतीजा दिनभर जाम, अफरा-तफरी और हर पल दुर्घटना का खतरा।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिस चौराहे से दिनभर सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, वहीं अव्यवस्थित ठेले खड़े होने से रास्ता संकरा हो गया है। जाम की स्थिति में एम्बुलेंस तक फंसने का खतरा बना रहता है, जिससे कभी भी बड़ी अनहोनी हो सकती है।
इधर नगर की अन्य सड़कों की हालत पहले से ही खराब है। जगह-जगह खुदी पड़ी सड़कों से उड़ती धूल ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। एलर्जी, अस्थमा और आंखों में जलन जैसी समस्याएं आम हो चुकी हैं। ऊपर से चौराहे पर बढ़ता अतिक्रमण आग में घी डालने का काम कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। प्रशासन की निष्क्रियता पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही है, जबकि जमीनी हकीकत बद से बदतर होती जा रही है। जनता में अब आक्रोश साफ नजर आ रहा है।