झाड़ियों में मिला नवजात शिशु, ग्रामीणों की सतर्कता से बची मासूम की जान; पुलिस जांच में जुटी


पोहरी। पोहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अगर्रा में मंगलवार को झाड़ियों में एक नवजात शिशु मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात व्यक्ति नवजात को सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गया। हालांकि समय रहते ग्रामीणों ने शिशु के रोने की आवाज सुन ली, जिससे उसकी जान बच गई।

ग्रामीणों ने झाड़ियों से नवजात को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 और पोहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा नवजात को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोहरी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार कर भर्ती कर लिया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर रजत साहू ने बताया कि नवजात पूरी तरह स्वस्थ है और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। वहीं मामले की सूचना जिला शिवपुरी की चाइल्ड हेल्प टीम को भी दे दी गई है, ताकि नवजात के संरक्षण और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।

इधर, पोहरी परियोजना के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी निर्देश जारी किए गए हैं कि हाल ही में हुए प्रसव और संदिग्ध परिस्थितियों की जानकारी जुटाकर प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे नवजात को छोड़ने वाले व्यक्ति तक पहुंचा जा सके।

पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में मासूम को झाड़ियों में छोड़ दिया गया। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और लोग नवजात को सुरक्षित बचा लेने वाले ग्रामीणों की सराहना कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.