शिवपुरी -मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद्(योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग म प्र शासन)जिला शिवपुरी द्वारा महर्षि अरविन्द जी की जयंती के अवसर पर यूनिवर्सिटी इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी सतनवाड़ा, शिवपुरी में जिला स्तरीय व्याख्यानमाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महर्षि श्री अरविन्द जी के जीवन, दर्शन, राष्ट्रचिंतन एवं उनके प्रेरणादायी विचारों पर व्याख्यान एवं विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में श्री प्रहलाद भारती पूर्व विधायक एवं उपाध्यक्ष म प्र पाठ्य पुस्तक निगम राज्यमंत्री दर्जा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक यूआईटी आरजीपीव्ही शिवपुरी श्री एस के धाकड़ द्वारा की गई। मुख्य वक्ता के रूप में श्री नरेंद्र धाकड़ सहायक प्राध्यापक एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रियंका यादव प्राध्यापक, डॉ रीना शर्मा जिला समन्वयक, श्री चंदन सिंह धाकड़ मंडल अध्यक्ष सतनवाड़ा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।इसके पश्चात कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। जिला समन्वयक डॉ रीना शर्मा द्वारा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने सामाजिक सहभागिता, जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा सहभागिता तथा समाजहित से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
व्याख्यानमाला में मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री नरेंद्र धाकड़ ने महर्षि श्री अरविन्द जी के जीवन एवं उनके राष्ट्र निर्माण संबंधी विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से महर्षि श्री अरविन्द जी के विचारों को जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। एवं उनके द्वारा बताया गया कि महर्षि अरविन्द एक चिंतक, विचारक, क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी एवं आध्यात्मिक गुरु के साथ साथ एक सच्चे समाज सुधारक थे। राष्ट्र निर्माण हेतु उनका योगदान हम सबको प्रेरणा देता है।
मुख्य अतिथि श्री प्रहलाद जी भारती ने कहा कि महर्षि श्री अरविंद जी का जीवन त्याग, राष्ट्रभक्ति, आध्यात्मिक चेतना एवं मानव कल्याण का संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज एवं युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। महर्षि श्री अरविंद जी ने राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ मानव जीवन में आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक परिवर्तन पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को महर्षि श्री अरविंद जी के विचारों एवं आदर्शों को समझने और अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा सकारात्मक सोच, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ें तो समाज और देश के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
अध्यक्षीय उद्वोधन में निदेशक श्री एस के धाकड़ जी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे महर्षि श्री अरविंद जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र एवं समाज के विकास में सकारात्मक योगदान दें। उन्होंने कहा कि महर्षि श्री अरविंद जी का दर्शन केवल एक युग तक सीमित नहीं है बल्कि आज के बदलते सामाजिक परिवेश में भी उतना ही प्रासंगिक है।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थितजनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम का संचालन श्री महेश परिहार विकासखंड समन्वयक नरवर द्वारा किया गया एवं कार्यक्रम के अंत में श्री शिशुपाल सिंह जादौन विकासखंड समन्वयक शिवपुरी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, परिषद् के कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में परिषद् के विकासखंड समन्वयक रामकुमार तिवारी,देवीशंकर शर्मा,उपेंद्र दुबे,रेखा श्रीवास्तव सहित परामर्शदाता, प्रस्फुटन एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि,संस्थान के प्राध्यापक,विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
