पोहरी। नगर के एलएसजीके कॉलेज ग्राउंड में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आज शाम 7 बजे पुलिस लाइन पोहरी और वार्ड क्रमांक-10 की टीम के बीच खेला जाएगा। फाइनल मैच को लेकर नगर के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में दर्शकों के मैदान पहुंचने की संभावना है।
नगर में पहली बार आयोजित किए जा रहे इस नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट ने शुरुआत से ही खेल प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। आयोजन समिति द्वारा पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन व्यवस्थाएं की गईं, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को अच्छा माहौल मिला।
आयोजन समिति के सदस्य रविकांत दुबे और संदीप भार्गव ने बताया कि प्रतियोगिता में नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों की कुल 12 टीमों ने भाग लिया। सभी मुकाबले 8-8 ओवर के खेले गए, जिससे मैच बेहद रोमांचक रहे और दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिला।
टूर्नामेंट में विजेता टीम को 21 हजार रुपये नगद, शील्ड व ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये नगद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा ‘मैन ऑफ द सीरीज’ खिलाड़ी को भी 11 हजार रुपये नगद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर फाइनल मुकाबले का आनंद लें और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।