पोहरी के विद्यार्थियों ने ग्वालियर में जाना पर्यटन क्षेत्र का भविष्य


पोहरी। छात्रों को पर्यटन क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से विकासखंड पोहरी के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के छात्र-छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण ग्वालियर स्थित भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (IITTM) में कराया गया।

यह भ्रमण जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, एडीपीसी स्वीटी मंगलम तथा एपीसी राजाबाबू आर्य के निर्देशन में आयोजित किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी अवधेश सिंह तोमर एवं उत्कृष्ट विद्यालय पोहरी के प्राचार्य भरत सिंह धाकड़ के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के साथ संस्थान का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के लगभग एक सैकड़ा से अधिक विद्यार्थियों ने पर्यटन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों ने छात्रों को पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन से जुड़े रोजगार और करियर के अवसरों के बारे में भी विस्तार से बताया।

उत्कृष्ट विद्यालय पोहरी के प्राचार्य भरत सिंह धाकड़ ने बताया कि भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित और जिज्ञासु नजर आए तथा उन्होंने पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि हुई और उन्हें भविष्य के नए अवसरों के बारे में समझ विकसित हुई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.