पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी में रसोई गैस की कालाबाजारी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में तहसीलदार पोहरी लज्जाराम राजोरिया ने भटनावर स्थित इंडेन गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एजेंसी पर गैस सिलेंडरों के स्टॉक की जांच की गई, जिसमें पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध पाए गए। तहसीलदार ने एजेंसी संचालक को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर भीड़ न लगाएं, बल्कि घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से गैस सिलेंडर बुक कराएं। बुकिंग के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की कालाबाजारी या जमाखोरी की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।