पोहरी में मीट दुकानों पर कार्रवाई, बस स्टैंड के पीछे निर्धारित स्थान पर कराया शिफ्ट




पोहरी। नगर परिषद पोहरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीएमओ महेश चंद्र जाटव ने नगर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बस स्टैंड परिसर में संचालित मुर्गा-मुर्गियों की दुकानों को हटाकर बस स्टैंड के पीछे नगर परिषद द्वारा निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करा दिया। इस कार्रवाई के दौरान सीएमओ स्वयं नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ मौके पर मौजूद रहे और दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर दुकानें लगाने के निर्देश दिए।

सीएमओ महेश चंद्र जाटव ने स्पष्ट कहा कि नगर में सार्वजनिक स्थानों एवं मुख्य मार्गों पर संचालित मीट एवं मुर्गा-मुर्गियों की दुकानों को हटाकर बस स्टैंड के पीछे निर्धारित मीट मार्केट में ही संचालित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य शहर में स्वच्छता बनाए रखना, यातायात व्यवस्था को सुचारु करना तथा आम नागरिकों को असुविधा से राहत दिलाना है।

नगर परिषद की इस कार्रवाई के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में व्यवस्था बेहतर होती दिखाई दी। स्थानीय नागरिकों ने भी सीएमओ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से इस तरह की व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नगरवासियों ने शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में उठाए गए इस कदम के लिए सीएमओ महेश चंद्र जाटव एवं नगर परिषद की टीम का आभार व्यक्त किया।
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.