शिवपुरी। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा जारी उपार्जन नीति के अनुसार विपणन वर्ष 2026-27 में चना एवं मसूर फसल की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन 20 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक किया जाएगा। इसके लिए जिले में कुल 36 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं।
निर्धारित केन्द्रों के अनुसार तहसील शिवपुरी में सेवा सहकारी संस्था शिवपुरी, गढ़ीबरौद, सतनबाड़ा एवं कोटा के समिति मुख्यालय पर पंजीयन केन्द्र बनाए गए हैं। तहसील पोहरी में सेवा सहकारी संस्था पोहरी, बैराड़ एवं परिच्छा में पंजीयन की व्यवस्था रहेगी।
तहसील कोलारस में विपणन सहकारी संस्था कोलारस, सेवा सहकारी संस्था कोलारस, बैहटा एवं खरई को पंजीयन केन्द्र बनाया गया है। तहसील बदरवास में सेवा सहकारी संस्था खतौरा, दीगोद, अकाझिरी रन्नौद एवं कुटवारा में पंजीयन होगा।
तहसील करैरा में सेवा सहकारी संस्था टोडा पिछोर, कालीपहाड़ी, दिनारा, खुदावली एवं करही तथा तहसील नरवर में सेवा सहकारी संस्था नरवर, मगरौनी, नरौआ सहित संबंधित समिति मुख्यालयों पर पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं।
किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित केन्द्रों पर पहुंचकर पंजीयन कराएं, जिससे समर्थन मूल्य पर उपार्जन का लाभ प्राप्त किया जा सके।