भाग्योदय तीर्थ में डेढ़ घंटे चली माता की गोद भराई, आज बालक तीर्थंकर का जन्म होगा

अभिषेक जैन सागर -भाग्योदय तीर्थ परिसर में चल रहे पंच कल्याणक गजरथ महोत्सव में दूसरे दिन सोमवार को हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच माता की गोद भराई में डेढ़ घंटे के दौरान सैकड़ों महिलाओं ने गोद भरी। डेढ़ घंटे तक चले इस कार्यक्रम में ड्राईफ्रूट से बनी मिठाइयों के साथ मावे के लड्डुओं से गोद भराई की रस्म प्रतिष्ठाचार्य विनय भैया द्वारा विधि- विधान और मंत्रोच्चार से पूरी कराई। गर्भ कल्याणक की पूर्व रात्रि में करीब एक बजे तक अष्ट देवियों द्वारा माता की सेवा की गई और इसके बाद आंतरिक क्रियाएं देर रात तक चलती रहीं।
गर्भ कल्याणक के उत्तर रूप में दोपहर 12 बजे से सीमांतनी क्रियाएं हुई । इसी के साथ नवीन मंदिरों गोपालगंज,रामपुरा दीनदयाल नगर, काकागंज और ग्रीन सिटी की वेदी शुद्धि हुई। दोपहर में दिल्ली के निशांत शर्मा की नाटिका "लो जी दहेज लो" की प्रस्तुति हुई। शाम को महाराजा नाभिराय का राजदरबार लगा इसमें 56 कुमारियों द्वारा भेंट दी गई और स्वप्न फल का विस्तार से चित्रण कलाकारों ने किया।
पंचकल्याणक के तीसरे दिन जन्म कल्याणक पर होगा संवाद
भाग्योदय तीर्थ परिसर में पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव के तीसरे दिन मंगलवार को जन्मकल्याणक पर कई कार्यक्रम होंगे। आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के आशीर्वाद से मुनि श्री योगसागर जी महाराज के ससंघ सानिध्य में चल रहे कार्यक्रम को लेकर मुनि सेवा समिति के सदस्य मुकेश जैन ढाना ने बताया की सुबह 6 बजे से पात्र शुद्धि अभिषेक शांतिधारा के बाद ठीक 7 बजे बालक तीर्थंकर का जन्म होगा। इस दौरान पंचकल्याणक के सभी प्रमुख पात्रों द्वारा जन्म की बधाइयां दी जाएगी। 7:30 बजे से पूजन शांति हवन सुबह 9 बजे से मुनि संघ की मंगल देशना होगी। 11 बजे से इंद्रसभा और सौधर्म इन्द्र  और शचि रानी के बीच संवाद होगा। दोपहर 12 बजे से जन्म अभिषेक जुलूस प्रारंभ होगा। यह जुलूस भाग्योदय तीर्थ परिसर से प्रारंभ होगा और विद्या भवन सुभाष नगर तक जाएगा वहां से वापस एक बजे लौटेगा और पांडुक शिला पर जन्म अभिषेक कार्यक्रम होगा। दोपहर 2 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद 3 बजे मुनि संघ की दिव्य देशना होगी। शाम 6:30 से महाआरती और धर्मसभा होगी 7:30 बजे से विद्वानों के प्रवचन होंगे। रात्रि 8 बजे तांडव नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 8:30 बजे से पालना झुलाना और बाल क्रीड़ा कार्यक्रम होंगे।
         

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.