मुनि संघ का पाद प्रक्षालन कर लिया आशीष, आज शंका समाधान

बड़वानी-संत शिरोमणी आचार्य श्री  विद्यासागरजी महाराज  के शिष्य, शंका समाधान प्रणेता प्रमाण सागरजी महाराज व विराट सागरजी महाराज का सोमवार को शहर में मंगल प्रवेश हुआ। मुनि संघ  का पाद प्रक्षालन कर भक्तो ने आशीर्वाद लिया। इसके बाद बैंड बाजे  के साथ मुनिश्री की शोभायात्रा निकाली गई। जगह-जगह भक्तों ने उनका आशीर्वाद लिया। मंगलवार से महावीर नगर में वे प्रवचन देने के साथ शंका का समाधान करेंगे।
मुनिश्री सोमवार को मौन व्रत रखते हैं।
इसके चलते मंगलवार को उनका प्रवचन होगा। दिगंबर जैन समाज के लोगों ने नवलपुरा पेट्रोल पंप के सामने संतों की अगवानी की। संतों के आगमन को लेकर शहर के मुख्य मार्गों पर समाज के लाेगों ने जगह-जगह पचरंगे ध्वज लगाए। नवलपुरा में संतों की अगवानी कर शोभायात्रा निकाली। इसमें 9 महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर चल रही थी। जबकि समाज के लोग पचरंगे ध्वज लिए थे। शोभायात्रा कोर्ट चौराहा, कारंजा चौक, मोटीमाता चौक, एमजी रोड, रणजीत चौक, जैन मंदिर, रानीपुरा होकर महावीर नगर स्थित मांगलिक परिसर पहुंची। समाज के मनीष जैन ने बताया मुनिश्री के पाद प्रक्षालन, आरती व श्रीफल भेंटकर लोगों ने आशीर्वाद लिया। उन्होंने बताया संतश्री का रतलाम से चातुर्मास के बाद विहार कर शहर आगमन हुआ है। उन्होंने बताया मांगलिक परिसर में मंगलवार सुबह 8.30 बजे से प्रवचन होगा। वे  शंका समाधान करेंगे। साथ ही धर्म आधारित प्रश्नों के उत्तर देंगे। इसके बाद उनकी आहार चर्या होगी। इस दौरान महिला, पुरुष, युवा मौजूद थे।

बावनगजा कर सकते हैं विहार, 3 फरवरी को मेला
मुनिश्री प्रमाण सागरजी व विराट सागरजी का दिसंबर में ही आगमन होना था, जो किसी कारणवश नहीं हो सका। समाज के लोगों को उम्मीद है कि मुनिश्री आगामी दिनों में बावनगजा विहार कर सकते हैं। बावनगजा में 3 फरवरी काे वार्षिक मेला लगेगा। इसको लेकर तैयारियां जारी है। वहीं मुनिश्री के बावनगजा विहार करने के बाद मेले की तैयारियों को लेकर वे समाज के लोगों का मार्गदर्शन करने की संभावना है।
    प्राप्त जानकारी काय साथ अभिषेक जैन लुहाड़ीया रामगंजमंडी

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.