दिल्ली- पत्रकारिता की दुनिया के एक और चेहरे को छीन लिया। आजतक टीवी चैनल के पत्रकार रोहित सरदाना का नोएडा के एक अस्पातल में निधन हो गया।
मशहूर टीवी ऐंकर रोहित सरदाना की निधन हो गया है वह कोरोना वायरस से भी संक्रमित थे। नोएडा के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। वह लंबे समय तक जी न्यूज में थे और इस समय आजतक चैनल में सेवाएं दे रहे थे। शाम को प्रसारित होने वाले डिबेट शो ‘दंगल’ की वह ऐंकरिंग करते थे। उन्हें पत्रकारिता जगत के कई पुरस्कारों से भी नवाजा गया था और बेबाक तरीके से अपनी बात रखने के लिए जाना जाता था। पत्रकारिता और राजनीति के कई बड़े चेहरों ने ट्वीट करके उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
हरियाणा में जन्मे, दिल्ली थी कर्मभूमि-रोहित का जन्म 22 सितंबर को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हुआ था। स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद वो हिसार चले गए और गुरु जम्बेश्वर विश्वविद्यालय विज्ञान और प्रौद्योगिकी में एडमिशन लिया। पहले उन्होंने मनोविज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की, उसके बाद उसी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया। मौजूदा वक्त में रोहित न्यूज चैनल आज तक में काम कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने सहारा, जी न्यूज जैसे संस्थानों में सेवा दी थी। 2018 में ही रोहित सरदाना को गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था।
अंतिम वक्त तक की लोगों की मदद-कोरोना से संक्रमित होने के बाद भी रोहित ने लोगों की मदद करनी नहीं छोड़ी थी। उन्होंने लगातार ट्विटर के जरिए लोगों तक मदद पहुंचाने की कोशिश की। निधन से 12 घंटे पहले यानी गुरुवार रात 8.45 पर उन्होंने एक ट्वीट किया था। जिसमें कानपुर में भर्ती करुणा श्रीवास्तव नाम के मरीज के लिए मदद मांगी गई थी। उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने ट्वीट कर दुख व्यक्त किया है।