शिवपुरी। केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 को लेकर पूर्व भाजपा विधायक प्रहलाद भारती ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे विकसित भारत-2047 की दिशा में मजबूत नींव रखने वाला सर्वस्पर्शी बजट बताया है।
पूर्व विधायक भारती ने कहा कि यह बजट केवल एक आर्थिक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सशक्त घोषणापत्र है। बजट में वर्तमान आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की स्पष्ट सोच झलकती है। किसान, युवा, नारी शक्ति और वंचित वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किया गया यह बजट आत्मनिर्भर भारत की भावना को और सशक्त करता है।
उन्होंने कहा कि रक्षा, कृषि, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और नवाचार जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रावधान देश की आर्थिक गति को तेज करने के साथ-साथ सामाजिक संतुलन और समावेशी विकास को मजबूती प्रदान करेंगे। यह बजट हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है।
प्रहलाद भारती ने बजट के प्रमुख प्रावधानों को रेखांकित करते हुए बताया कि कैंसर की 17 दवाइयों को कस्टम ड्यूटी से मुक्त किया गया है, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। आत्मनिर्भर भारत और सेना की मजबूती पर विशेष फोकस करते हुए रक्षा क्षेत्र के लिए रिकॉर्ड 7.8 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 27 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने कहा कि रक्षा आधुनिकीकरण के लिए कैपिटल बजट को 1.80 लाख करोड़ से बढ़ाकर 2.19 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जिससे राफेल फाइटर जेट, नई स्टील्थ पनडुब्बियां, यूएवी और ड्रोन जैसे प्रमुख रक्षा प्रोजेक्ट्स को गति मिलेगी। 70 वर्षों में डिफेंस सेक्टर को मिला यह सबसे बड़ा बजट केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि है।
पूर्व विधायक ने कहा कि कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला ऐतिहासिक बजट विकसित भारत का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है। इसमें तीन प्रमुख कर्तव्यों—आर्थिक प्रगति को गति देना, जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना और सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को सुदृढ़ करना—पर विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा। यह बजट निश्चित रूप से विकसित भारत-2047 की नींव स्थापित करने वाला सर्वसमावेशी और दूरदर्शी बजट है।