शिवपुरी। प्रदेश की राजनीति में सिंधिया परिवार हमेशा विरोधी दलों के निशाने पर रहा है। भारतीय जनता पार्टी के नेता इन दिनों राजनीतिक मंच से कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तीखे हमले बोल रहे हैं। इस बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ग्वालियर प्रवास के दौरान राजमाता विजयाराजे सिंधिया की छतरी पर माल्यार्पण करने पहुंच रहे हैं। जिस छत्री परिसर में राजमाता की छतरी है उसी में पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया एवं सिंधिया परिवार के अन्य पूर्वजों की छत्रियां हैं।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 9 अक्टूबर को ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव वाले जिले ग्वालियर, शिवपुरी और गुना का दौरा करेंगे। शाह का यह दौरा सिंधिया के गढ़ में भाजपा को मजबूत करने की मंशा से हो रहा है। जिसमें वे तीनों जिलों में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ताओं से रूवरू होंगे। शाह मंगलवार को 12 शिवपुरी में ग्वालियर एवं चंबल संभाग के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे गुना पहुंचकर रोड शो करेंगे। गुना से लौटने के बाद वे ग्वालियर लौटकर फूलबाग पर रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद छतरी स्थित राजमाता सिंधिया की छतरी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। अमित शाह भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं जो सिंधिया परिवार के छतरी परिसर में चुनाव के दौरान पहुंच रहे हैं।
लक्ष्मीबाई से जोड़कर सिंधिया परिवार पर होते रहे राजनीतिक हमले
भाजपा अध्यक्ष अमित कल रानी लक्ष्मीबाई और राजमाता सिंधिया को माल्यार्पण करेंगे। अभी तक प्रदेश की राजनीति में रानी लक्ष्मीबाई से जोड़कर सिंधिया परिवार पर चुनाव के दौरान राजनीतिक हमले होते रहे हैं। जिसको लेकर मप्र सरकार की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया खुलकर विरोध भी दर्ज करा चुकी हैं।
ऐसा रहेगा कार्यक्रम
-अमित शाह सिंधिया के गढ़ गुना-शिवपुरी में कार्यकर्ता सम्मेलन और रोड शो करेंगे।
-9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
-एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा शिवपुरी पहुंचेंगे।
-सुबह 11:45 बजे शिवपुरी के तात्या टोपे स्मारक पहुंचकर माल्यार्पण करेंगे और पोलो ग्राउंड जाएंगे।
-जहां चंबल संभाग के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
-इसके बाद शिवपुरी से गुना जाएंगे। 2:30 बजे रोड शो करेंगे।
-शाम 5 बजे ग्वालियर के फूल बाग पहुंचकर रानी लक्ष्मी बाई की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
-इसके बाद राजमाता सिंधिया की छतरी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
-शाम 7:30 बजे युवा सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।