अशोकनगर। मास्क न पहनने पर पति का जुर्माना किए जाने से नाराज एक महिला ने एसडीएम के साथ अभद्रता कर दी। घटनाक्रम गुरुवार रात करीब आठ बजे चंदेरी का है। इस महिला ने भीड़ के बीच न सिर्फ एसडीएम को चप्पल से मारने का प्रयास किया, बल्कि मारने के लिए उनके पीछे भी दौड़ी। एसडीएम को इससे बचने के लिए भागकर अपनी गाड़ी में बैठना पड़ा। हालांकि पुलिस ने महिला और उसके पति पर मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार चंदेरी में ढ़ोलिया दरवाजा पर रात करीब आठ बजे राजस्व विभाग और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की जा रही थी। यहां उन लोगों पर जुर्माना हो रहा था, जो कि कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन कर रहे थे। मौके पर चंदेरी एसडीएम देवेंद्रप्रताप सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद थे। बताया जाता है कि इसी बीच यहां से पवन पुत्र पुरुषोत्तम सोनी गुजरे। इन्होंने मास्क नहीं पहना था। इनका भी 100 रुपए का जुर्माना किया गया।
