फिल्म ‘शोले’ की तर्ज पर करने लगे शूटिंग, हाथों में लहराए बंदूकें-तमंचे; चंबल के कुख्यात डकैत रामबाबू गडरिया के नाम के नारे भी लगाए, पुलिस के पहुंचने से मच गई भगदड़







भोपाल। लाइट, कैमरा, बड़ी-बड़ी गाड़ियां, बंदूक और तमंचे। फिर आवाज आई एक्शन। यह नजारा बुधवार को चंबल की बीहड़ों का था। फिल्म ‘शोले’ के अंदाज में कुछ स्थानीय कलाकार लोकगीतों की शूटिंग कर रहे थे। जब ग्रामीणों को पता चला, तो इसे देखने 400 से ज्यादा लोग इकट्‌ठे हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख लोग भाग निकले। कलाकार भी सामान समेटकर भाग गए। पूछताछ में यहां दूसरी ही कहानी सामने आई। मामले में गोरमी पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।



शुक्रवार को इसका वीडियो सामने आया है। हाथों बंदूक और तमंचे लेकर यहां मौजूद युवक ग्वालियर-चंबल अंचल में दहशत का पर्याय बन चुके मृत 5 लाख रुपए के इनामी डकैत रामबाबू गड़रिया जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। लोगों की भीड़ जुटाने वाले पर FIR होने के बाद भी आरोपी फरार हैं। 24 घंटे बाद भी पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ सकी है।



गोरमी थाना क्षेत्र के शुकलाल का पुरा कचनाव गांव के रहने वाले राजेश पुत्र राम लक्ष्मण बघेल के घर बुधवार को बेटे का जन्मदिन था। बर्थ-डे पार्टी में कई मेहमानों को बुलाया गया था। विशेष मेहमान के तौर पर ग्वालियर से गिर्राज पहलवान नाम का युवक बुलाया गया था। वह अपने साथ रंगारंग पार्टी के स्थानीय कलाकारों को लेकर आया।



यहां बुंदेली, बृजभाषा में लोकगीत का आयोजित किए गए। पार्टी में कलाकारों ने पहले लोकगीत गाए। इसे फिल्मी अंदाज में दिखाने व शूटिंग करने के लिए क्वारी नदी की बीहड़ में जा पहुंचे। यह कलाकार ‘शोले’ फिल्म की तर्ज पर लोकगीतों का मंचन करने जा रहे थे। उन्होंने तैयारी भी कर ली थी। गांव से युवकों को बुलाकर बंदूक व तमंचे भी जुटा लिए थे। लोगों की भीड़ यह तमाशा देख रही थी, तभी पुलिस कंट्राेल रूम को सूचना मिली।


पुलिस के पहुंचते ही भगदड़ मच गई

सूचना पर गोरमी थाने के एसआई सुनील कुमार सिकरवार पुलिस जवानों के साथ पहुंचे। यहां देखा तो लोगों की भीड़ जमा थी। पुलिस के आते ही भगदड़ मच गई। कलाकारों ने बीहड़ों में से दौड़ लगा दी। पुलिस ने मौके से सामान भी जब्त किया। एसआई सिकरवार का कहना है कि पड़ताल में आयोजक राजेश पुत्र रामलक्षण बघेल और गिर्राज पहलवान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.