वर्तमान विधायकों एवं टिकट के सभी दावेदारों के लिए पार्टी के फेसबुक पेज के सभी पोस्ट को शेयर और लाइक करना भी अनिवार्य कर दिया गया है
भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को आगामी विधानसभा चुनाव के टिकट के दावेदारों के लिए नया फरमान जारी किया है. नए फरमान के मुताबिक, टिकट की आस लगाए पार्टी नेताओं को अब सोशल मीडिया पर अपने फॉलोवर्स बढ़ाने होंगे. ऐसा करने पर ही टिकट मिलेगा. इतना ही नहीं, सभी नेताओं के लिए अनिवार्य किया गया है कि वे सोशल नेटवर्किंग साइड पर अपना मौजूदगी दर्ज कराएं. मौजूदा दौर में कांग्रेस के ज्यादातर विधायक सोशल नेटवर्किंग साइट पर नहीं हैं.
कांग्रेस ने बकायदा एक पात्रता मापदंड भी जारी किया है. इसमें कहा गया है कि सोशल मीडिया पर मौजूदगी ही टिकट पाने के लिए निर्णायक फैक्टर होगी. पार्टी द्वारा जारी एक पत्र के मुताबिक
1. फेसबुक पेज पर 15000 लाइक्स, ट्विटर पर 5000 फॉलोअर्स और सभी के पास बूथ लेवल कार्यकर्ताओं का WhatsApp ग्रुप होना अनिवार्य है।
2- मध्य प्रदेश कांग्रेस के ट्विटर INCMP के सभी ट्वीट को रीट्वीट और लाइक करना।
3. वर्तमान विधायकों एवं टिकट के सभी दावेदारों के लिए पार्टी के फेसबुक पेज के सभी पोस्ट को शेयर और लाइक करना अनिवार्य है।
4. पत्र में कहा गया है कि कांग्रेस पदाधिकारियों वर्तमान विधायकों एवं टिकट के दावेदारों को निर्देशित किया जाता है कि दिनांक 15 सितंबर 2018 तक Twitter, Facebook और WhatsApp की जानकारी मध्यप्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया और आईटी विभाग में उपलब्ध करवाएं।

