भाजपा सरकार के 100 वे दिन कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, दावेदारों ने प्रदर्शन से किया किनारा
0
Tuesday, June 30, 2020
पोहरी। प्रदेश के उपचुनाव के पहले सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर कांग्रेस ने इसे काला दिन बताते हुए प्रदर्शन किया। शिवपुरी समेत प्रदेशभर में काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किए गए। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने षडयंत्र कर चुनी गई सरकार को गिराया है। यह लोकतंत्र की हत्या है। पोहरी कस्बे में भी कांग्रेसियों ने काला दिवस मनाया, लेकिन इस कार्यक्रम से कांग्रेस से उपचुनाव में टिकिट की दावेदारी कर रहे तमाम नेताओं ने दूरियां बनाईं। दूरियां बनाने का कारण जो भी हो, लेकिन राजनैतिक हल्कों में चर्चा का विषय अवश्य बना हुआ है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मौजूदा सरकार की विफलताओं को भी जनता तक ले जाएंगे। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाए कि पूर्व सरकार के किसान कर्ज माफी से लेकर दूसरे फैसलों में मौजूदा सरकार अड़ंगा लगा रही है। इस मौके पर कांग्रेस के युवा नेता एवं टिकिट के प्रबल दावेदार इंजी. शिशुपाल वर्मा, जनपद अध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह वर्मा, संजीव शर्मा बंटी भैया सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी से आफाक अंसारी, अशोक सगर सहित अन्य कार्यकर्तागण मौजूद रहे।
यहां बता दें कि कांग्रेस की ओर से धाकड़ समाज से टिकिट के प्रबल दावेदारों में से एक इंजी. शिशुपाल वर्मा पिछले विधानसभा चुनाव की भांति कहीं अधिक ताकत से उपचुनाव के लिए जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। वह लगातार क्षेत्र में पहुंचकर लोगों को कमलनाथ सरकार के जनहितैषी कार्यों को बता रहे हैं।
Tags
