पोहरी। पोहरी विधानसभा से पूर्व विधायक सुरेश राठखेड़ा के प्रयासों से राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के मार्गदर्शन में प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने पोहरी विधानसभा के लिए करीब 1500 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। पूर्व विधायक सुरेश राठखेड़ा की मानें तो, जो काम कांग्रेस शासनकाल के 14 माह में नहीं हो सका वह भाजपा सरकार ने एक-डेढ माह में ही कर दिखाया। पोहरी के लिए करोड़ों की लागत वाली अमृतदायी सर्कुला डेम परियोजना का जल्द ही भूमिपूजन किया जाएगा। यह पोहरी विधानसभा वासियों के लिए अति महत्वपूर्ण है जिसके लिए कांग्रेस शासन में श्री राठखेड़ा लगातार जद्दोजहद करते नजर आए, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली और सिंधियानिष्ठ होने के कारण उनकी लगातार उपेक्षा होती रही, वहीं अब भाजपा शासन में इस योजना का जल्द ही भूमिपूजन कर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इसके अलावा पूर्व विधायक राठखेड़ा की मांग पर शिवराज सरकार ने ग्राम छर्च और राठखेड़ा में विद्युत फीडर, बैराड़ में कॉलेज, क्षेत्र में 22 रोड, 65 स्टॉप डेम, 25 गौशाला, पोहरी नगर पंचायत, सेंडा में बरखेश्वर डेम सहित आधा दर्जन से अधिक जनहितैषी योजनाओं को हरी झंडी दी है। 1500 करोड़ रुपए की लागत की इन योजनाओं से निश्चित रूप से पोहरी विधानसभा क्षेत्र में विकास की गंगा बहती नजर आए। इन योजनाओं के स्वीकृत होने के लिए पूर्व विधायक राठखेड़ा प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान, क्षेत्र के लोकप्रिय नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित मंत्रीमडल का आभार मानते हैं।
प्रत्याशी कोई भी हो जीत भाजपा की होगी-पोहरी विधानसभा में होने वाले उपचुनाव में वैसे तो तय है कि भाजपा से पूर्व विधायक सुरेश राठखेड़ा ही प्रत्याशी होंगे, लेकिन फिर भी सुरेश राठखेड़ा का मानना है कि यह निर्णय भाजपा हाईकमान का होगा कि वह किसे प्रत्याशी घोषित करते हैं। मेरा विश्वास है कि प्रत्याशी कोई भी जीत भाजपा को ही मिलेगी, क्योंकि कांग्रेस शासनकाल के 14 माह में पोहरी विधानसभा में जो विकास नहीं हो सके, वह भाजपा शासन के एक से डेढ़ माह के कार्यकाल में स्वीकृत हो गए और जल्द ही इनका निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।
22 से 23 सीट जीतेगी भाजपा-पूर्व विधायक सुरेश राठखेड़ा की मानें तो 24 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और लाड़ले नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में भाजपा 24 में से 22 से 23 सीटों पर जीत हासिल करेगी और प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की सरकार चलती रहेगी।
