भोपाल। वैश्विक महामारी कोरोना का संकटकाल जहां जारी है वहीं दूसरी तरफ संकट के माहौल में आत्महत्या की खबरें भी सामने आती जा रही है इस बीच कांग्रेस के पूर्व मंत्री और गंधवानी से विधायक उमंग सिंघार के बंगले पर एक महिला द्वारा आत्महत्या करने की खबर सामने आईं जिसमें महिला ने सुसाइड नोट में कुछ बातों का जिक्र किया है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व मंत्री उमंग सिंघार के शाहपुरा स्थित बंगले पर महिला द्वारा बीते रविवार को आत्महत्या की गई। मृतक महिला का नाम सोनिया भारद्वाज (39 वर्षीय) बताया जा रहा है जो हरियाणा के अंबाला के बलदेव नगर की रहने वाली थी। जिसका एक 20 साल का बेटा आर्यन भी है। बताया जा रहा है कि, महिला ने दरवाजे के ऊपर बनी ग्रिल से बंधे दुपट्टे से फंदा बनाकर खुदकुशी की। जिसकी सूचना मकान की देखरेख कर रहे नौकर गणेश और उसकी पत्नी गायत्री ने दी।
सुसाइड नोट में महिला ने किया इन बातों का जिक्र
इस संबंध में, मृतक महिला के पास से मिले सुसाइड नोट में पूर्व मंत्री सिंघार के नाम महिला ने लिखा कि, तुम गुस्से में बहुत तेज हो, अब सहन नहीं कर सकती। किसी बात का स्पष्ट जवाब नही देते। वहीं अपने बेटे आर्यन के लिए कहा कि, मैं तुम्हारे लिए कुछ नहीं कर पाई। जान दे रही हूं। आई लव यू। मामले में फिलहाल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वही आत्महत्या में किसी भी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है।मामले में पूर्व मंत्री के भी बयान लिए जाएंगे। सुसाइड नोट की हैंड राइटिंग की जांच की जाएंगी।
पूर्व मंत्री सिंघार ने घटना पर दिया बयान
इस संबंध में, घटना सामने आने के बाद पूर्व मंत्री उमंग सिंघार ने बयान में कहा कि, मैं 3 दिन से अपने विधानसभा क्षेत्र में था। कोरोना मरीजों की सेवा कर रहा था। मुझे आज ही जानकारी मिली और मैँ तत्काल भोपाल आ गया। मैं खुद हतप्रभ हूं कि उसने ऐसा क्यों किया। वो मेरी बहुत अच्छी मित्र थी।
