पोहरी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर परिषद पोहरी में आज भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा हनुमान मंदिर से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई मनेन चौराहा पर भावपूर्ण समापन के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री सुरेश धाकड़ ने कहा कि तिरंगा भारत के नागरिकों के लिए गौरवशाली प्रतीक है, जो देश की एकता और अखंडता का प्रतिनिधित्व करता है। यह झंडा हमें हमारे इतिहास, संस्कृति, आजादी और मूल्यों की याद दिलाता है।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि नेपाल सिंह वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारे स्वाभिमान और अस्मिता का प्रतीक है। तिरंगे का सम्मान करना हम सभी नागरिकों का परम कर्तव्य है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा अवश्य फहराएं।
नगर परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णालता संजीव शर्मा (बंटी भैया) ने कहा कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज 22 जुलाई 1947 को अपनाया गया था, जिसे पिंगली वेंकैया ने डिजाइन किया था। इसमें केसरिया रंग साहस और बलिदान, सफेद रंग शुद्धता और सत्य, तथा हरा रंग उर्वरता और विकास का प्रतीक है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतिनिधित्व करता है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेश धाकड़ राठखेड़ा, भाजपा उपाध्यक्ष दिलीप मुदगल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मति राधा शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि नेपाल वर्मा, उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णालता संजीव शर्मा, विनोद कुमार जैन एल आई सी, जिला मंत्री पृथ्वीराज सिंह जादौन, मंडल अध्यक्ष आशुतोष जैमिनी, मंडल कोषाध्यक्ष शिखरचंद जैन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, राजस्व अमला, पुलिस प्रशासन और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।