इंदौर-तिलक नगर में प्रवचन में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज ने कहा- जैसे कोई यात्री गाड़ी का टिकट लेकर गाड़ी में बैठ जाता है, फिर बाद में उसका टिकट चेक कर उसे निर्विकल्प यात्री घोषित कर दिया जाता है। इसी प्रकार आप सबने भी पंचकल्याणक महोत्सव का टिकट खरीद लिया है, अब सभी को निर्विकल्प कर दिया, ताकि अच्छे से अच्छे भाव उत्पन्न कर सको। जैसे दो बैलों पर किसान जुआरी कर रख देता है। इससे वे मिलकर काम करते हैं और इधर-उधर भाग नहीं सकते। वैसे ही आप लोगों को जिम्मेदारियां दे दी गईं, अब इधर-उधर कहीं नहीं जा सकते। हम सब भी पाषाण से भगवान बनने वाले महोत्सव के सुपात्र बने हैं।
महोत्सव.
.. पंचकल्याणक के लिए चमेली पार्क में बन रहा पंडाल, एक लाख भक्त बैठ सकेंगे
चमेली पार्क गोयल नगर में शहर के 13 मंदिरों का पंचकल्याणक महोत्सव का आयोजन 26 जनवरी से होगा। इसके लिए दयोदय चेरिटेबल फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा तैयारी की जा रही है। यहां पर 160 बाय 400 वर्गफीट का पंडाल तैयार किया जा रहा है। वहीं भोजन पंडाल 84 बाय 250 वर्गफीट का तैयार किया जा रहा है। ट्रस्टी सचिन जैन ने बताया पंडाल में करीब एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इसमें 40 पात्रों के साथ, तीन हजार से ज्यादा इंद्र-इंद्राणी और श्रद्धालु रहेंगे।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़ीया रामगंजमंडी
