अपराध का बढ़ता ग्राफ , पुलिस नहीं लगा पा रही लगाम




ग्वालियर : एमपी के ग्वालियर में बेखौफ अपराधियों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी अपराधी दिन दहाड़े अपराधों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाती। शहर में लगातार क्राइम अपराध बढ़ रहा है, अपराध को अंजाम देने वालों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं । आए दिन शहर के विभिन्न इलाकों में लूटपाट, छेड़खानी, बलात्कार जैसी घटनाएं तो घटित हो ही रही हैं साथ ही बेख़ौफ़ अपराधी हत्या जैसे अपराध करने में भी संकोच नहीं करते हैं । ग्वालियर राजनीति का केंद्र है यहाँ केंद्रीय सरकार के बड़े बड़े नेताओं के अलावा राज्य सरकारों नुमाइंदों का आना जाना लगा रहता है ऐसे में पुलिस प्रशासन वीआईपी सुरक्षा में ही अपना अधिकतर समय व्यतीत कर देती है और शहर की जनता भय के साये में जीवन जीने को मजबूर हो रही है ।
क्राइम कंट्रोल के लिए शहर में जगह - जगह पर लगाए गए सैकड़ों कैमरे दिखावा ज्यादा साबित हो रहे हैं। बीते समय में पुलिस द्वारा कैमरों की सहायता से अपराधियों को ढूंढ निकालने की कोशिश की, लेकिन तीसरी आंख कमजोर निकली। शहर के व्यस्ततम चौराहों पर हर रोज चैकिंग पॉइंट तो लगाए जाते हैं लेकिन ये चैकिंग पॉइंट आम आदमी से उनको रोककर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन और बीमा सहित ड्राइविंग लाइसेंस की तलाशी लेना भर है, कोरोना काल मे इन चेकिंग पॉइंट्स पर मास्क वाले भी चालान कटवाते देखे गए , लेकिन इन्हीं चैकिंग पॉइंट्स पर पुलिस की मुश्तैदी के बाद भी अपराधी बेख़ौफ़ होकर सिर्फ इसलिए आसानी से निकल जाते हैं क्योंकि बाइक पर हैलमेट के साथ सवार होते हैं । पुलिस के बीट सिस्टम का कमजोर नेटवर्क अपराधियों तक पहुँच पाने में अक्सर नाकाम ही होता है ।  पुलिस के हर थाने की बीट यानि एरिया बंटे हैं। बीटों के प्रभारियों के नेटवर्क की यह हालत है कि वारदात के बाद भी क्षेत्र से यह पता नहीं लगा पाते कि कौन बदमाश हो सकता है। अक्सर यह भी देखा गया है कि जिन इलाकों में आए दिन आपराधिक घटनाओं के घटित होने की सूचनाएं मिलती हैं अक्सर उन्ही इलाकों में पुलिस की सर्चिंग कम ही देखने को मिलती है । बुजुर्गों और महिलाओं पर होने वाले अपराधों के मामले में ग्वालियर में आपराधिक ग्राफ बढ़ रहा है और पुलिस प्रबंधन कमजोर साबित होता जा रहा है ।  शहर में बीते कुछ दिनों में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। इस दौरान झगड़े, फायरिंग, हत्या और हत्या के प्रयास की घटनाएं बढ़ी हैं । शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय है, जिससे शहरवासियों में खौफ का माहौल है । अपराध के बढ़ते ग्राफ का मुख्य कारण बढ़ती बेरोजगारी है जिसके चलते युवा वर्ग लगातार अपराध की दुनिया में बढ़ते जा रहे हैं, ग्रामीण क्षेत्रों और शहर के स्लम एरिया में अवैध शराब की बिक्री के कारण भी लगातार अपराध बढ़ते जा रहे हैं , और पुलिस अवैध शराब बिक्री पर अंकुश नहीं लगा पा रही है जबकि अंचल में अवैध शराब के चलते मुरैना में बीते साल एक बड़ी घटना हुई थी जिसमें दर्जनों लोगों की मौत भी हुई थी ।
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.