शिवपुरी। पिछोर के गणेशखेड़ा गांव की निवासी रामवती जाटव जब से स्व सहायता समूह से जुड़ी है धीरे-धीरे उनके जीवन में बदलाव आया है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया जब गणेशखेड़ा में विकास यात्रा में शामिल हुईं तब रामवती ने उन्हें अपनी सफलता की कहानी सुनाई कि किस प्रकार से स्वसहायता समूह से जुड़कर आज गांव की महिलाएं सक्षम हुई हैं। रामवती बताती हैं कि 2016 तक उन्हें समूह के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और पहले उनके पास पहनने के लिए अच्छे कपड़े तक नहीं होते थे। छोटी-छोटी जरूरतें कैसे पूरी करें इसकी चिंता होती थी। लेकिन आज स्थिति बहुत बदल गई है। आज वह स्वयं सक्षम है। उन्होंने बताया कि गांव में आज लगभग 41 समूह संचालित हैं। रामवती ने दिल्ली हाट बाजार में भी भाग लिया है। वह बताती हैं कि पहले गांव से बाहर निकल कर जाना भी बहुत बड़ी बात लगती थी लेकिन आज सोचती हूं कि दिल्ली जाना है तब भी यह साधारण सा लगता है और मुझे मेरे काम में पूरा परिवार भी सहयोग करता है। समूह से जुड़ने के बाद उनकी स्वयं की आमदनी शुरू हुई है। अब वह अपने परिवार के भरण-पोषण में भी अपना योगदान देती हैं। उनका कहना है कि महिलाओं को भी आत्मनिर्भर होकर आगे बढ़ना चाहिए और स्व सहायता समूह महिलाओं को इस दिशा में प्रेरित कर रहे हैं।
