नवांकुर सखी हरियाली कलश यात्रा के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


पोहरी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड पोहरी, जिला शिवपुरी के तत्वावधान में नवांकुर संस्था दृष्टि सामाजिक विकास एवं पर्यावरण संरक्षण समिति द्वारा सेक्टर पोहरी के ग्राम सोनीपुरा स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में “नवांकुर सखी हरियाली कलश यात्रा” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक राधा शर्मा एवं समाजसेवी दामोदर धाकड़ मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं उपस्थित नवांकुर सखियों के स्वागत के साथ हुआ। विकासखंड समन्वयक राधा शर्मा ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चलाए जा रहे हरियाली महोत्सव एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि वृक्ष लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ जीवन का संकल्प है। वृक्ष हमें प्राणवायु, छाया, फल एवं औषधियां प्रदान करने के साथ जल संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की निरंतर देखभाल करने की अपील की।
इसके बाद हनुमान मंदिर प्रांगण से भव्य हरियाली कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के माध्यम से नवांकुर सखियों एवं ग्रामीणों को हरियाली, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। यात्रा में नवांकुर सखियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था प्रभारी आगोनी लाल धाकड़ ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मेंटर्स विजय गिरी गोस्वामी एवं सीमा रावत, प्रस्फुटन समिति से सतीश वर्मा, लता धानुक सहित बड़ी संख्या में नवांकुर सखियां एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में नवांकुर सखी अभियान के तहत 21 पौधों का वितरण किया गया। नवांकुर सखियों ने इन पौधों को सुरक्षित रखने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन किया गया।
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.