ग्वालियर-केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का 3 दिवसीय प्रस्तावित दौरा शुरू होने से पूर्व ही विवाद गहराने लगा है। सिंधिया समर्थक भाजपाई केन्द्रीय मंत्री के आगमन पर 22 सितम्बर को रोड़ शो के रूप में भव्य स्वागत करना चाहते हैं। क्योंकि केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री बनने के बाद वह पहली बार 3 दिन के लिये ग्वालियर आ रहे हैं। उधर, कांग्रेस ने इस रोड़ शो पर ऐतराज जताया है। कांग्रेस का कहना है कि जनहित में मुद्दे पर कांग्रेस धरना देती है तो उसके खिलाफ एफआईआर की जाती है। लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया की भीड के लिये अनुमति दी जा रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि यह रोड़ शो होता है तो कांग्रेस इसका सड़कों पर विरोध करेगी।
बड़े रोड शो की तैयारी-केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 22 सितम्बर को ग्वालियर आ रहे हैं। अभी तक तय कार्यक्रम के अनुसार सिंधिया नई दिल्ली से सड़क मार्ग से ग्वालियर आयेंगे। समर्थक केन्द्रीय मंत्री के जोरदार स्वागत की तैयारी की जा रही है। पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। सिंधिया समर्थक ऊर्जामंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर तैयारियों पर निगाह रखे हुए हैं। भाजपा नेता भी केन्द्रीय मंत्री स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बहोड़ापुर से शिन्दे की छावनी होते हुए गोरखी पहुंचेंगे। इस बीच उनके स्वागत के लिये जगह जगह मंच. बनाये जायेंगे। मंचों की संख्या लगभग 8 से 10 के लगभग बताई जा रही है। सिंधिया 22 सितम्बर को आयेंगे रोड़ शो करेंगे और कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 23 और 24 को जयविलास पैलेस में कार्यकर्त्ताओं से मुलाकात करेंगे।
सड़कों पर विरोध करेंगे, नहीं माने तो कोर्ट जाएंगे-कांग्रेस नेताओं ने बैठक कर इसका विरोध करने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा ने कहा है कि यदि कांग्रेस जनहित के मुद्दे पर धरना देती है, तो उसके विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ धारा 188 की कार्रवाई कर FIR की जाती है। ऐसे में कोरोना काल में एक नेता को खुश करने के लिए जिला प्रशासन भीड़ जुटाने की अनुमति कैसे दे सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सिंधिया की स्वागत रैली हुई तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी इसका सड़कों पर विरोध करेगी और जरुरत पड़ी तो न्यायालय भी जाएगी।
