नाम निर्देशन-पत्र के साथ अभ्यर्थी द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले शपथ-पत्र के संबंध में आवश्यक निर्देश
0
Wednesday, October 06, 2021
शिवपुरी, -मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर पालिका निगम, नगर पालिका परिषद एवं नगर परिषद में स्थानों को भरने के निर्वाचन में नाम निर्देशन-पत्र के साथ अभ्यर्थी द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले शपथ-पत्र के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए है।
जारी निर्देशों के तहत नगर पालिका निगम, नगर पालिका परिषद तथा नगर परिषद के पार्षद पद का प्रत्येक अभ्यर्थी अपने नाम निर्देशन पत्र के साथ एक शपथ-पत्र प्रस्तुत करेगा जिसमें उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि,आस्तियों, दायित्वों, शैक्षणिक योग्यताओं आदि की जानकारी दी जाएगी। अभ्यर्थी द्वारा शपथ-पत्र का प्रत्येक कॉलम भरा जाएगा। यदि किसी कॉलम की जानकारी निरंक है तो उस कॉलम में ‘‘निरंक’’ शब्द अंकित किया जाएगा। रिटर्निंग ऑफिसर को यह जांच करनी होगी कि नामांकन पत्र के साथ दाखिल करते समय शपथ-पत्र के सभी कॉलम भरे गए है या नहीं, यदि नहीं तो रिटर्निंग ऑफिसर अभ्यर्थी को रिक्त कॉलम भरने के लिए स्मरण करायेंगे। अभ्यर्थी द्वारा किसी भी कॉलम को रिक्त नहीं छोड़ा जाना चाहिए। स्मरण कराने के पश्चात भी यदि कोई अभ्यर्थी किसी भी कॉलम को भरने में असफल होता है तो नामांकन पत्र की जांच अथवा संवीक्षा के समय रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा नामांकन पत्र खारिज किया जाएगा।
शपथ पत्र निर्धारित शुल्क के स्टाम्प पेपर पर प्रस्तुत किया जाएगा, अभ्यर्थी द्वारा सत्यापित किया जायेगा और मजिस्ट्रेट/शपथ आयुक्त/नोटरी के समक्ष सत्यापित होगा। अभ्यर्थी द्वारा नाम निर्देशन पत्र के साथ प्रस्तुत किये जाने वाले शपथ-पत्र की दो हस्ताक्षरित अतिरिक्त प्रतियां भी प्रस्तुत की जायेंगी। उक्त शपथ पत्र न दिये जाने की स्थिति में रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा नाम निर्देशन पत्र निरस्त किया जाएगा।
अभ्यर्थी द्वारा शपथ-पत्र की एक प्रति रिटर्निंग ऑफिसर के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी और मीडिया के माध्यम से भी प्रसारित की जायेगी तथा जरूरत पड़ने पर आयोग भी प्रतियां जिला निर्वाचन अधिकारी से ले सकेगा। किसी निर्वाचक द्वारा मांग किए जाने पर शपथ-पत्र की प्रमाणित प्रति दो रूपया प्रति पृष्ठ के मूल्य पर प्रदाय की जाएगी। यदि कोई निर्वाचक किसी अभ्यर्थी के शपथ पत्र में दी गई जानकारी के विरूद्ध शपथ-पत्र प्रस्तुत करता है तो उसकी प्रति भी रिटर्निंग ऑफिसर के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी।
Tags
