शिवपुरी। खनियांधाना नगर में जैन धर्म का एक ऐतिहासिक और दिव्य आयोजन आगामी 11 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न होने जा रहा है। मुनिश्री सुधासागर जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित होने वाला यह पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव क्षेत्र के लिए गौरव का विषय रहेगा।
इस छह दिवसीय महोत्सव के दौरान भगवान के पंचकल्याणक गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान एवं मोक्ष से जुड़े विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, विधि-विधान से प्रतिष्ठा, पूजन, अभिषेक, शांतिधारा, महामंडल विधान, प्रवचन एवं सांस्कृतिक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से धर्म प्रभावना, अहिंसा, सत्य और संयम का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा।
आयोजन समिति के अनुसार, इस महोत्सव में देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रावक-श्राविकाएं एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालु भाग लेंगे। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी उत्सव का माहौल रहेगा। आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवास, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
महोत्सव को लेकर जैन समाज सहित समूचे नगर में उत्साह का वातावरण है। आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्य आयोजन के साक्षी बनें और आध्यात्मिक लाभ अर्जित करें।
यह पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि खनियांधाना को एक बार फिर धर्म, संस्कृति और अध्यात्म के केंद्र के रूप में पहचान दिलाएगा।