बद्रीनाथ केदारनाथ ऋषिकेश हरिद्वार सहित गंगोत्री यमुनोत्री से जल भरकर रामेश्वरम पर चढ़ाया जाएगा
योगेंद्र जैन पोहरी। चारधाम यात्रा से सकुशल लौटे वेहटा पंचायत के पूर्व सरपंच एवं सचिव रघुवीर धाकड़ का लक्ष्मीबाड़ी हनुमान मंदिर परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रश्मि नेपाल वर्मा एवं उनके पति नेपाल वर्मा ने शॉल एवं श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया तथा सफल एवं पुण्यमयी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
जानकारी देते हुए वेहटा पंचायत के पूर्व सरपंच एवं सचिव रघुवीर धाकड़ के छोटे भाई रामेश्वर धाकड़ ने बताया कि रघुवीर धाकड़ अपने साथियों के साथ चारधाम यात्रा पर गए थे। यात्रा के दौरान उन्होंने बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हरिद्वार एवं ऋषिकेश के पवित्र स्थलों के दर्शन किए। साथ ही विभिन्न तीर्थ स्थलों से पवित्र जल भी संग्रहित किया गया है।
उन्होंने बताया कि चारधाम एवं अन्य पवित्र धामों से लाया गया यह जल आगामी धार्मिक यात्रा के दौरान दक्षिण भारत स्थित पवित्र ज्योतिर्लिंग धाम रामेश्वरम में भगवान शिव का अभिषेक करने के लिए अर्पित किया जाएगा।
रश्मि नेपाल वर्मा ने दी शुभकामनाएं
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रश्मि नेपाल वर्मा ने कहा कि चारधाम यात्रा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी यात्राएं व्यक्ति को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने के साथ समाज में धार्मिक चेतना का भी संचार करती हैं। उन्होंने रघुवीर धाकड़ एवं उनके साथियों को सफल यात्रा के लिए बधाई देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ कार्यक्रम
सम्मान समारोह के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भी रघुवीर धाकड़ का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। रघुवीर धाकड़ के साथ इस चारधाम यात्रा में उनके साथीगण भी शामिल रहे, जिन्होंने पूरी यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न किया।
