पोहरी। पोहरी नगर के जैन समाज का एक प्रतिनिधिमंडल शिवपुरी जिले के इंदार नगर पहुंचा, जहां आचार्य परम पूज्य मुनि श्री 108 विद्यासागर महाराज के परम शिष्य मुनि श्री सुव्रतसागर महाराज विराजमान हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मुनि श्री के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा पोहरी नगर में आगामी चातुर्मास के लिए श्रीफल भेंट कर सादर निवेदन किया।
इस अवसर पर जैन समाज के सदस्यों ने पोहरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की जानकारी देते हुए मुनि श्री से नगर में चातुर्मास करने का आग्रह किया। समाजजनों ने कहा कि मुनि श्री के चातुर्मास से क्षेत्र में धर्म, अध्यात्म और संस्कारों का वातावरण सुदृढ़ होगा तथा श्रद्धालुओं को धर्म लाभ प्राप्त होगा।
उल्लेखनीय है कि पोहरी नगर में किले के भीतर स्थित अति प्राचीन जैन मंदिर अपनी ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता के लिए जाना जाता है। माना जाता है कि इस मंदिर का निर्माण किले के निर्माण काल के दौरान ही हुआ था। वर्तमान में मंदिर के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य भी प्रगति पर हैं, जिससे इसकी भव्यता और बढ़ रही है।
मुनि श्री के समक्ष चातुर्मास का निमंत्रण प्रस्तुत करने पहुंचे समाजजनों ने आशा व्यक्त की कि उन्हें पोहरी में धर्म आराधना एवं साधना का सौभाग्य प्राप्त होगा। इस दौरान जैन समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
