महाराज साहब सदैव सेवा के लिए तत्पर रहते हैं: रश्मि नेपाल सिंह वर्मा

-सोनीपुरा आदिवासी बस्ती में सेवा भाव से मनाया गया केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का जन्मदिन
योगेंद्र जैन पोहरी। 1 जनवरी केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का जन्मदिन देश सहित प्रदेश भर में धूमधाम एवं सेवा भाव के साथ मनाया गया। इसी क्रम में पोहरी नगर परिषद क्षेत्र की सोनीपुरा आदिवासी बस्ती में आदिवासी बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के साथ केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का जन्मदिन मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों को कंबल, महिलाओं को स्वेटर तथा बच्चों को गर्म टोपा का वितरण किया गया। इसके साथ ही सभी को भोजन कराया गया। आदिवासी बस्ती में केक काटकर, मिठाई एवं गर्म कपड़े वितरित कर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का जन्मदिन सेवा पर्व के रूप में मनाया गया और ईश्वर से उनकी दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, नगर परिषद अध्यक्ष रश्मि नेपाल सिंह वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने आदिवासी बस्ती में पहुंचकर जरूरतमंदों के साथ खुशियां साझा कीं। पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा ने कहा कि महाराज साहब का जन्मदिन सेवा और संवेदना का प्रतीक है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही महाराज साहब के जन्मदिन का सच्चा उद्देश्य है। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि नेपाल सिंह वर्मा ने कहा कि महाराज साहब केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सदैव सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। गरीब, आदिवासी और जरूरतमंद वर्ग के प्रति उनकी संवेदनशीलता सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाकर हम सभी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष आशुतोष जैमिनी, मंडल उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, हरिशंकर धाकड़, अमरसिंह यादव, जगदीश अग्रवाल सहित नगर परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.