पोहरी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत विकासखंड पोहरी में नवांकुर संस्था दृष्टि सामाजिक विकास एवं पर्यावरण संरक्षण समिति सेक्टर क्रमांक-2 द्वारा “प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान” के तहत एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम शासकीय लक्ष्मी सरस्वती महाविद्यालय पोहरी में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर सेक्टर पोहरी प्रतिनिधि आगोनी लाल धाकड़ के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा मेंटर्स विजय गिरी गोस्वामी द्वारा प्रस्तुत की गई। विकासखंड समन्वयक राधा शर्मा ने जन अभियान परिषद की गतिविधियों और प्रशिक्षण के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए समितियों की जिम्मेदारियों एवं दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने समग्र ग्राम विकास की अवधारणा को समझाते हुए बताया कि समितियां गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
नवांकुर प्रतिनिधि ने बताया कि समितियों को एनजीओ के रूप में विकसित कर सोसाइटी पंजीयन अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत कराया जा सकता है, जिससे वे शासन से जुड़कर बड़े स्तर पर सामाजिक कार्य कर सकें।
इस दौरान शासकीय लक्ष्मी सरस्वती महाविद्यालय के प्रोफेसर धर्मेंद्र शर्मा ने सामाजिक समरसता एवं सामाजिक सहभागिता के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, सदस्य तथा नवांकुर सखियां उपस्थित रहीं। अंत में नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि द्वारा सभी प्रतिभागियों का प्रशिक्षण में शामिल होने पर आभार व्यक्त किया गया।