शिवपुरी। जिले के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है कि यहां के चार युवाओं का आईपीएस परीक्षा में चयन हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
पिछोर विधानसभा क्षेत्र के बामोरकला निवासी श्री मुकेश जैन के सुपुत्र हर्ष जैन, कोलारस विधानसभा क्षेत्र के धधेरा निवासी श्री महेश धाकड़ के सुपुत्र भूपेंद्र धाकड़, करैरा विधानसभा क्षेत्र के मगरौनी निवासी नायब तहसीलदार श्री महेंद्र सिंह कोरकू के सुपुत्र एवं नगर परिषद मगरौनी अध्यक्ष भवानी शंकर कोरकू के भतीजे दीपक कोरकू, तथा कोलारस निवासी श्री सन्मति जैन (बल्ले) के सुपुत्र उज्ज्वल जैन का आईपीएस में चयन हुआ है।
इन युवाओं की सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे शिवपुरी जिले का नाम रोशन हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने इसे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बताया है।
समाज के विभिन्न वर्गों और जनप्रतिनिधियों ने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा में निरंतर सफलता की कामना की है।