शिवपुरी। जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिवपुरी जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडारण मौजूद है और सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति जारी है।
जिले में कुल 131 पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, रिलायंस और नयारा कंपनियों के सेल्स अधिकारियों ने जानकारी दी है कि वर्तमान में कंपनियों के पास पर्याप्त ईंधन भंडारण उपलब्ध है तथा सभी पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
जिला कलेक्टर रवीन्द्र चौधरी ने जिले में ईंधन आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी को सभी तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों के साथ सतत संपर्क में रहने और आपूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि ईंधन को लेकर किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।