शिवपुरी। होली के रंगों और उल्लास के बीच शिवपुरी पुलिस परिवार द्वारा पुलिस परेड ग्राउंड में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने मंच पर फिल्मी गीत “कोई हसीना जब रूठ जाती है तो और भी हसीन हो जाती है” गाकर सभी को चौंका दिया और माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।
एसपी राठौड़ के गीत गाते ही पूरे परिसर में तालियों की गूंज सुनाई दी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में मौजूद पुलिस परिवार के सदस्यों ने भी रंग-गुलाल के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण होली मनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक हैं, जिन्हें मिल-जुलकर मनाया जाना चाहिए।
होली मिलन समारोह में रंगारंग प्रस्तुतियां, गीत-संगीत और हास्य कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव और अपनत्व का माहौल बना रहा।