शिवपुरी। बैराड़ तहसील क्षेत्र में अवैध खनन और बोल्डर परिवहन पर प्रशासन ने सख्त रुख दिखाते हुए कार्रवाई की है। नायब तहसीलदार अजय परसेडिया को सूचना मिली कि टोडा के पास पोहरी-मोहना रोड पर खुलेआम बोल्डरों का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया गया और उसे जब्त कर लिया गया।
जब्त वाहन को बैराड़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि तहसीलदार द्वारा प्रकरण तैयार कर कलेक्टर कार्यालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नियमानुसार जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई तय मानी जा रही है।
क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन और परिवहन की गतिविधियों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई संकेत दे रही है कि अब ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।