शिवपुरी। महिला एवं बाल विकास विभाग में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पोहरी महिला एवं बाल विकास परियोजना का प्रभार पुनः नीरज सिंह गुर्जर को सौंप दिया गया है, जो वर्तमान में महिला बाल विकास शिवपुरी (शहरी) में पदस्थ हैं।
गौरतलब है कि इससे पूर्व पोहरी परियोजना में लंबे समय तक नीरज सिंह गुर्जर सीडीपीओ पद पर कार्यरत रहे। उनके बाद नीलम पटेरिया, अमित यादव तथा मुस्कान गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके पश्चात विभाग से हटकर जनपद सीईओ आफिसर सिंह गुर्जर को परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) का प्रभार दिया गया था। अब प्रशासन ने एक बार पुनः बदलाव करते हुए यह जिम्मेदारी फिर नीरज सिंह गुर्जर को सौंप दी है।
इसी क्रम में बदरवास महिला एवं बाल विकास परियोजना में भी परिवर्तन किया गया है। यहां अमित यादव, महिला एवं बाल विकास परियोजना शिवपुरी (ग्रामीण) को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। लगातार हो रहे इन प्रशासनिक बदलावों को लेकर विभागीय हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है, वहीं अब नई व्यवस्थाओं से कार्यप्रणाली में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।