कोलारस। दलहन आत्मनिर्भरता अभियान के अंतर्गत दलहन क्लस्टर अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत ग्राम पाली, विकासखंड कोलारस में मसूर की उन्नत प्रजाति ‘कोटा मसूर-4’ एवं सह-उत्पादन तकनीक पर आधारित कृषक प्रशिक्षण एवं प्रक्षेत्र दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी के वैज्ञानिकों तथा सृजन संस्था के समन्वय से 50 से अधिक कृषकों एवं कृषक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग से उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा बेहतर फसल प्रबंधन के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि उन्नत प्रजातियों के बीज प्रतिस्थापन दर में वृद्धि तथा वैज्ञानिक तकनीकों के प्रभावी हस्तांतरण से क्षेत्र में दलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे किसानों की उत्पादकता एवं आय में वृद्धि सुनिश्चित हो सकेगी।