शिवपुरी। सवर्ण समाज संगठन के आह्वान पर आयोजित ‘भारत बंद’ का सोमवार को शिवपुरी जिले में व्यापक असर देखने को मिला। बंद के चलते शहर के प्रमुख बाजारों में अधिकांश दुकानें बंद रहीं और आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
इस दौरान सवर्ण समाज के लोगों ने शहर में रैलियां निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का काफिला जब माधव चौक पहुंचा तो वहां भाजपा द्वारा केंद्रीय बजट के सीधे प्रसारण के लिए लगाया गया बड़ा मंच मौजूद था। आक्रोशित प्रदर्शनकारी मंच पर चढ़ गए और यूजीसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
घटना के समय भाजपा जिलाध्यक्ष जशवंत जाटव सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौके पर मौजूद थे। सवर्ण समाज के नेताओं ने मांगों को लेकर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की और चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आगे आंदोलन और तेज किया जाएगा।