शिवपुरी में अधिवक्ता की हत्या पर उबाल, जबलपुर में वकीलों का प्रदर्शन, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग


जबलपुर। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या के विरोध में प्रदेशभर के वकीलों में आक्रोश देखा जा रहा है। इसी क्रम में जबलपुर के अधिवक्ताओं ने सोमवार को न्यायालयीन कार्य से विरत रहकर रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।

अधिवक्ताओं ने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

प्रदर्शनकारियों ने दिवंगत अधिवक्ता संजय सक्सेना के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने, हत्याकांड में शामिल आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने तथा परिवार के आश्रित सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे राजधानी भोपाल पहुंचकर अनशन और उग्र प्रदर्शन करेंगे।

ज्ञात हो कि 14 फरवरी को मोटरसाइकिल से कोर्ट जा रहे अधिवक्ता संजय सक्सेना की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से प्रदेश भर के अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। इस दौरान मध्य प्रदेश स्टेट बार के उपाध्यक्ष आर के सैनी ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कानून बनाना सरकार की जिम्मेदारी है और इस मामले में जल्द कार्रवाई अपेक्षित है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.