खुदाई में फूटी मड़ीखेड़ा जलावर्धन योजना की पाइपलाइन, शहर की पानी सप्लाई बाधित


शिवपुरी। मड़ीखेड़ा डेम के पास शुक्रवार को मोबाइल कंपनी की लाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान मड़ीखेड़ा जलावर्धन योजना की मुख्य पाइपलाइन फूट गई, जिससे शहर में पानी की सप्लाई बाधित हो गई और करीब ढाई लाख आबादी के सामने जल संकट खड़ा हो गया।

जानकारी के अनुसार जीओ कंपनी की एजेंसी एलएंडटी द्वारा नरवर रोड स्थित मड़ीखेड़ा डेम के पास नरवर रिसोर्ट के समीप केबल लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान मजदूरों ने लापरवाहीपूर्वक खुदाई करते हुए यह ध्यान नहीं रखा कि उसी स्थान से जलावर्धन योजना की पाइपलाइन गुजर रही है। खुदाई के दौरान मशीन की बकेट का दांत डीआई पाइप से टकरा गया, जिससे पाइप फूट गया और तेज प्रेशर से पानी का रिसाव शुरू हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ एवं कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी को घटना की जानकारी दी तथा जिम्मेदारों पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण शहर में जल आपूर्ति प्रभावित हो गई है और लाइन दुरुस्त होने तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.