पोहरी। भारतीय जनता पार्टी की हाल ही में घोषित मंडल कार्यकारिणी को लेकर पार्टी के भीतर ही बगावती सुर तेज हो गए हैं। भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. हरिशंकर धाकड़ ने कार्यकारिणी गठन पर तीखा हमला बोलते हुए इसे “भाजपा की कार्यकारिणी नहीं, बल्कि प्राइवेट लिमिटेड कंपनी” करार दिया है।
डॉ. धाकड़ ने आरोप लगाया कि वर्षों से पार्टी के लिए खून-पसीना बहाने वाले सक्रिय कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दिया गया, जबकि व्यक्तिगत नजदीकी रखने वाले और निजी काम करने वालों को पदों से नवाजा गया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे लोगों को ही जिम्मेदारी देनी है तो उन्हें पार्टी की जगह “अपने घर की कंपनी” में पद दिया जाए।
उन्होंने मंडल अध्यक्ष आशुतोष जैमनी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में बीते वर्ष पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद कार्यकारिणी गठन में सुधार की बजाय विवादास्पद नियुक्तियाँ की गईं। धाकड़ ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने पहले पार्टी का विरोध किया, उन्हें भी संगठन में जगह दी गई, जिससे जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटा है।