शिवपुरी। नीति आयोग के ‘आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम’ के तहत चल रहे संपूर्णता अभियान 2.0 की जमीनी हकीकत परखने भारत सरकार के हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स मंत्रालय के निदेशक एवं जिले के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी भानु प्रताप सिंह भदौरिया ने कोलारस और पिछोर ब्लॉकों का दौरा कर अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि तय समय सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किए जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि जैसे प्रमुख संकेतकों पर ढिलाई बर्दाश्त न करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी और जिला पंचायत सीईओ विजय राज की मौजूदगी में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति पर सवाल उठाते हुए अभियान को मिशन मोड में चलाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 के बीच सभी छह संकेतकों पर पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित करें और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट तैयार कर जवाबदेही तय करें।
कोलारस में सीएम राइज स्कूल पहुंचकर केंद्रीय प्रभारी ने स्वच्छता, बालिका शौचालय और पोषण से जुड़े इंतजामों की पड़ताल की। ‘पोषण ट्रैकर’ ऐप की कार्यप्रणाली, पूरक आहार वितरण और पेयजल व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। किसानों से संवाद के दौरान एफएमडी टीकाकरण में आ रही तकनीकी दिक्कतों पर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया। अडानी फाउंडेशन समर्थित सिलाई केंद्र का निरीक्षण कर महिला समूहों के कार्यों की सराहना भी की गई।
पिछोर में स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए प्रसव सेवाओं और बच्चों के स्वास्थ्य संकेतकों की समीक्षा की गई। टीबी केस नोटिफिकेशन बढ़ाने, डिजिटल मॉनिटरिंग लागू करने और स्थानीय उत्पादों को ऑनलाइन बाजार से जोड़ने की सख्त हिदायत दी गई।
दौरे के अंत में केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने आंगनवाड़ी और स्कूलों में शौचालय व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि समन्वय की कमी या तकनीकी बहाने प्रगति में बाधा नहीं बनने चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासनिक सक्रियता से तय समय सीमा तक सभी लक्ष्य पूरे किए जाएंगे।