सपने टूटें तो टूटें, पर कभी अपने न रूठें : मुनिश्री




खुरई-प्राचीन जैन मंदिर में मुनिश्री अभयसागर जी  महाराज ने प्रवचन देते हुए कहा कि सपने टूटे तो टूटे, पर कभी अपने न रूठें। अपने परिवार को खुश रखने में ही जीवन की सबसे बड़ी सफलता है। एक बार ऐसा मौका आए कि सफलता और प्रसन्नता में से किसी एक को छोड़ना हो तो व्यक्तिगत सफलता को छोड़ देना और परिवार की प्रसन्नता को बनाए रखना क्योंकि अपनों को दुखी करके सफलता पाना मानवता का लक्षण नहीं है।
नीति वाक्यामृत में लिखा है कि जो मनुष्य माता-पिता के साथ बैर-विरोध करके अपनी वीरता प्रकट करता है, क्या वह कुलीन कहा जा सकता है, नहीं कहा जा सकता। अभिप्राय यह है कि प्रत्येक मनुष्य को अपनी कुलीनता प्रकट करने के लिए माता-पिता की भक्ति करनी चाहिए। उन्हाेंने कहा कि एक महत्वपूर्ण बात यह है कि जिंदगी की सफलता इस बात में नहीं है कि आप कितने खुश हैं, सफलता इस बात में है कि कितने लोग आपसे खुश हैं।
सिकंदर अंत में अपनी मां से मिलना चाह रहा था लेकिन स्वयं इतना बीमार हो गया था कि जहां पर मां थी वहां पर उसका पहुंचना संभव नहीं था। उसने वैद्यों से कहा मैं आपको आधा राज्य देने को तैयार हूं पर मुझे अपनी मां से मिला दो। वैद्याें ने कहा अब यह संभव नहीं है, तब सिकंदर ने कहा पूरा राज्य ले लो, तब वैद्य मौन हो गए। तब सिकंदर ने कहा दुनिया में कुछ भी नहीं बचता खोने के लिए, मां को खोने के बाद।
उन्हाेंने कहा कि सच है आदमी की कीमत उसके अभाव में ही होती है। आज जो लोग माता-पिता की कीमत नहीं समझ रहे हैं उन्हें सिकंदर के द्वारा कही गई शिक्षा पर चिंतन अवश्य करना चाहिए। जिन्हें दुनिया की सारी संपत्ति अंत समय आनंद नहीं दिला सकी तब आपको यह मुट्ठीभर धन-दौलत क्या संतुष्ट कर पाएगी। यदि आपसे शत्रु रूठ जाए तो चिंता मत करना पर उपकारी रूठ जाए ऐसा काम कभी मत करना क्योंकि उपकारी के रूठ जाने पर हमारा भाग्य साथ नहीं देता और संकट हमारा पीछा नहीं छोड़ते। यदि दूसरे संकट में हो तो उनकी मदद करना, स्वयं पर संकट आए तो धैर्य धारण करना। किसी के सामने संकट उपस्थित नहीं करना।
उन्हाेंने कहा कि कभी ऐसे काम मत करना जिससे आपके माता-पिता पर धर्मसंकट आ जाए। कभी-कभी माता-पिता के सामने बहुत बड़ा धर्मसंकट आ जाता है, जब उनकी संतान विराेधाभासी काम करती है।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़ीया रामगंजमंडी

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.