भोपाल। मध्यप्रदेश में कोविड-19 वायरस के पांच नए म्यूटेशन एक्टिव हैं, जो तेजी से संक्रमण फैला रहे हैं। नए स्ट्रेन का पता लगाने के लिए फरवरी में 204 सैंपल नई दिल्ली भेजे गए थे। इन्हीं की जांच में पता लगा है कि यूके और साउथ अफ्रीका के वैरिएंट इंदौर के मरीजों में भी मिले हैं। नए स्ट्रेन ना केवल संक्रमण की दर बढ़ा रहे हैं, बल्कि एंटीबॉडी पर भी असर डालने की क्षमता रखते हैं।
यह रिपोर्ट दो महीने पहले आ चुकी है, लेकिन मध्यप्रदेश सरकार ने इसे अब तक सार्वजनिक नहीं किया है। पहले यही कहा गया कि यूके का स्ट्रेन इंदौर में मिला है और यह इतना घातक नहीं है। जो अब गलत साबित हुई है। नए वैरिएंट प्रतिरोधक क्षमता को नुकसान पहुंचा रहे हैं, इस वजह से लोग छह से आठ महीने में दोबारा संक्रमित हो रहे हैं। टीके लगने के बाद भी वायरस से बच नहीं पा रहे। इंदौर में लंबे समय से संक्रमण दर 18% से ज्यादा बनी हुई है।
- N501Y- यह 10 से 20 गुना अधिक तेजी से संक्रमण फैलाता है। शरीर में जो एंटीबॉडी बनी होती है, उसे कमजोर करने की कोशिश करता है।
- L452R- यह संक्रमण का फैलाव बढ़ा देता है। प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बननेे से रोकता है। इसकी वजह से कमजोरी महसूस होती है।
- E484K/Q- इसे स्कैप म्यूटेशन भी कहते हैं। यह प्रतिरोधकता को कमजोर करता है। शरीर में एंटीबॉडी बने रहने की अवधि को भी प्रभावित करता है।
- N440K- यह भी प्रतिराेधक क्षमता पर हमला करते हुए उसे कम करता है। वायरस शरीर की नेचरल इम्युनिटी को नुकसान पहुंचाता है।
- S477N- वायरस इंसानी कोशिकाओं में ज्यादा एक्टिव हो जाते हैं। नया म्यूटेशन वायरस और कोशिकाओं के जोड़ को ज्यादा मजबूत करता है।
अधिकारी मान चुके हैं कि म्यूटेशन हुआ है, लेकिन यह नहीं बता रहे हैं कि कितने वैरिएंट मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक 5 स्ट्रेन हैं, जो संक्रमण बढ़ा रहे हैं। नोडल अधिकारी डॉ. अमित मालाकार कहते हैं कि अभी तक हमें रिपोर्ट्स नहीं मिली है, लेकिन यूके वेरिएंट के मरीज मिले हैं। MGM कॉलेज के डीन डाॅ. संंजय दीक्षित मानते हैं कि वायरस का म्यूटेशन हुआ है।

