मुरैना -कलेक्टर अंकित अस्थाना शुक्रवार को सबलगढ़ विकासखण्ड के ग्राम अनघौरा में तालाव का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण करने के बाद लौटते समय उन्हें शासकीय प्राथमिक विद्यालय अनघौरा मिला। जहां विद्यालय में मध्यान्ह भोजन का कार्य चल रहा था। विद्यालय में लगभग 60 बच्चे टाटपट्टी पर बैठकर मध्यान्ह भोजन कर रहे थे। मध्यान्ह भोजन में आलू-गोभी की सब्जी और रोटी बच्चों को परोसी गई।
कलेक्टर ने रसोईया से मीनू की जानकारी ली कि आज कोनसा डे है और क्या खिलाया जा रहा है, तब रसोईया ने बताया कि आलू-गोभी की सब्जी और रोटी का डे है। कलेक्टर ने रसोईया से कहा कि मध्यान्ह भोजन की क्वालिटी चेक कराई जाये। इस पर रसोईया ने दो थाली लगाकर कलेक्टर और जिला पंचायत के सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले को उपलब्ध कराई। कलेक्टर श्री अस्थाना व सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले ने एक ही थाली में से मध्यान्ह भोजन चखा, मध्यान्ह भोजन की क्वालिटी अच्छी पाई गई।