जौरा से मनीराम फिर कर सकते हैं हाथी की सवारी

राजनीतिक संवाददाता ,जौरा-  चुनावी साल में हर कोई विधानसभा भवन पहुंचना चाहता है फिर वो हाथी पर बैठकर या सायकिल चलाकर, कमल खिलाना चाहता है तो कोई हाथ थामकर राजनीति का सुख भोगना चाहता है । मध्यप्रदेश की जौरा विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी से जौरा के पूर्व विधायक मनीराम धाकड़ एक बार फिर मैदान में हो सकते हैं । वैसे जौरा में भाजपा को पहली बार विजयश्री मिली है और वर्तमान में भाजपा के ही सूबेदार सिंह रजौधा विधायक हैं । 2013 में सूबेदार सिंह कांग्रेस प्रत्याशी बनवारी शर्मा से कुछ ही हज़ार मतों से जीत पाए और पूर्व विधायक मनीराम धाकड़ तीसरे स्थान पर रहे ।
       मुरैना में आयोजित छत्रपति साहू जी महाराज की 144 वीं जयंती बड़ी धूमधाम से मनाई गई । कार्यक्रम में बसपा के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे । प्रदेश अध्यक्ष ने मनीराम धाकड़ के समर्थकों में उत्साह देखते हुए जौरा से प्रत्याशी होने के संकेत भी दिए ,हालांकि बसपा से मुरैना जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह सिकरवार ( गाँधी ) की भी प्रबल दावेदारी मानी जा रही है । गांधी के पिताजी वृंदावन सिंह जौरा से कांग्रेस और बसपा के टिकिट पर चुनाव लड़ चुके हैं । यदि बसपा और कांग्रेस का गठबंधन होता है और बसपा से मनीराम धाकड़ प्रत्याशी होंगे तो एक बार फिर "बाबा कह गए नाती से,भोपाल चलेंगे हाथी से" वाली कहावत को मनीराम धाकड़ चरितार्थ कर देंगे ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.